श्रीकरणपुर में नहीं थम रहे सड़क हादसे: खड़ी बाइक से टकराई तेज रफ्तार बाइक, घायल युवकों का CHC में ईलाज जारी

श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रहे हादसों के बीच आज देर शाम श्रीकरणपुर-श्रीगंगानगर सड़क मार्ग पर शिव कुटिया के पास एक और हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई, जिसमें दो युवक घायल हो गये।

शिव कुटिया के पास हुआ हादसा....

जानकारी के अनुसार आज श्रीकरणपुर-श्रीगंगानगर मार्ग पर शिव कुटिया के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे में एक युवक के मुंह, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे युवक को हल्की चोट लगी है।

गांव 6 ओ ए का युवक गंभीर घायल....

गंभीर घायल युवक की पहचान वीरेंद्र सिंह निवासी गांव 6 ओ ए के रूप में हुई है। राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। सभी घायल युवकों को श्रीकरणपुर की सीएचसी में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार वीरेंद्र सिंह के ज्यादा चोटें आई है।

पुलिस जांच में जुटी....

सूचना मिलते ही श्रीकरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि श्रीकरणपुर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। भारतमाला हाईवे और श्रीकरणपुर-गंगानगर मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में दहशत है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और ओवरस्पीड पर अंकुश लगाने की मांग की है।