भारत माला हाईवे पर तूड़ी से भरे ट्रॉले में लगी भीषण आग, दो लोग बाल-बाल बचे

श्रीगंगानगर में श्रीकरणपुर क्षेत्र के गांव 45 एफ के पास भारत माला हाईवे पर बीती देर रात बड़ा हादसा हो गया। धनुर से बीकानेर जा रहे तूड़ी से भरे ट्रॉले में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत रही कि ट्रैक्टर पर सवार दोनों लोग कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

45 एफ के पास घटी घटना....

जानकारी के अनुसार घटना देर रात श्रीकरणपुर के पदमपुर रोड़ पर गांव 45 एफ के पास भारत माला हाईवे पर हुई। धनुर से बीकानेर जा रहा तूड़ी से भरा ट्रॉला हाईवे पर चल रहा था। इसी दौरान ट्रॉले में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही ट्रैक्टर सवार दोनों लोगों ने कूदकर जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे ट्रॉले को अपनी चपेट में ले लिया।

हाईवे पर लगा जाम, पुलिस पहुंची....

ट्रॉले में आग लगने की सूचना पर श्रीकरणपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थी जिसके कारण हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित हुआ। दमकल को सूचना दी गई जिसके बाद बड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया जा सका।

जनहानि नहीं, लाखों का नुकसान....

हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है लेकिन ट्रॉले में भरी तूड़ी और ट्रॉला पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण अज्ञात माना जा रहा है हालांकि पुलिस जांच कर रही है। देर रात तक हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

श्रीकरणपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर चलने वाले भारी वाहनों में अग्निशमन यंत्र रखने की हिदायत दी गई है ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।