श्रीगंगानगर में फिर रफ्तार का कहर: भारतमाला हाईवे पर कार ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर, चालक गंभीर

श्रीगंगानगर जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। श्रीकरणपुर क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों की कड़ी में आज दोपहर को भारतमाला हाईवे पर एक और भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने अपनी साइड में जा रही बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।

1N जगतेवाला के पास हुआ हादसा....

घटना भारतमाला हाईवे पर गांव 1 एन जगतेवाला के नजदीक हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रीकरणपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार RJ19CF 7897 ने आगे चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर काफी दूर जा गिरा। कार बाइक को घसीटते हुए हाईवे से नीचे खाले में ले गई।

परखच्चे उड़े, कार के नीचे फंसी बाइक....

हादसे के बाद बाइक कार के नीचे फंस गई और उसके परखच्चे उड़ गए। कार भी खाले में उतरकर क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत घायल बाइक चालक को संभाला और 25 एफ गुलाबेवाला के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

लगातार हो रहे हादसे, लोग दहशत में....

गौरतलब है कि श्रीकरणपुर क्षेत्र में भारतमाला हाईवे और पदमपुर रोड पर लगातार हादसे हो रहे हैं। गत दिनों ही 45 एफ अड्डे के पास खड़ी कार से बाइक टकराने से दो युवक घायल हुए थे। उससे पहले गांव 46 एफ मोडां के पास हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसों से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।

केसरिसिंहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कार नंबर RJ19CF 7897 के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों ने हाईवे पर स्पीड कंट्रोल और गश्त बढ़ाने की मांग की है।