बेंगलुरु यार्ड रीमॉडलिंग से जोधपुर की तीन ट्रेनें प्रभावित

बेंगलुरु यार्ड रीमॉडलिंग से जोधपुर की तीन ट्रेनें प्रभावित

49 दिन चलेगा ब्लॉक, यात्रियों को यशवंतपुर से करनी होगी आवाजाही

जोधपुर। दक्षिण पश्चिम रेलवे के केएसआर बेंगलुरु सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग एवं सिग्नल प्रणाली उन्नयन कार्य के चलते जोधपुर-बेंगलुरु रूट की तीन महत्वपूर्ण रेलसेवाएं प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन द्वारा प्री-नॉन इंटरलॉकिंग एवं नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के लिए संशोधित संचालन योजना जारी की गई है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार स्टेशन यार्ड में पटरियों के पुनर्गठन, सिग्नल सिस्टम के आधुनिकीकरण तथा परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए यह कार्य किया जा रहा है। 16 जून से 31 जुलाई तक 45 दिन प्री-नॉन इंटरलॉकिंग तथा 31 जुलाई से 4 अगस्त तक 4 दिन नॉन इंटरलॉकिंग कार्य होगा। कुल मिलाकर यह ब्लॉक 49 दिन तक चलेगा।

इस दौरान कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से रद्द किया गया है, जिससे यात्रियों को यशवंतपुर जंक्शन से यात्रा करनी होगी।

ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

ट्रेन संख्या 16534 बेंगलुरु सिटी-जोधपुर एक्सप्रेस

यह रेलसेवा 2 अगस्त 2026 को केएसआर बेंगलुरु सिटी से यशवंतपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। ट्रेन यशवंतपुर से जोधपुर के लिए रवाना होगी।

ट्रेन संख्या 20693 जोधपुर-बेंगलुरु सिटी एक्सप्रेस

यह रेलसेवा 30 जुलाई और 1 अगस्त 2026 को केवल यशवंतपुर स्टेशन तक संचालित होगी। यशवंतपुर से बेंगलुरु सिटी के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

ट्रेन संख्या 20694 बेंगलुरु सिटी-जोधपुर एक्सप्रेस

यह रेलसेवा 3 अगस्त 2026 को बेंगलुरु सिटी से यशवंतपुर के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी तथा ट्रेन यशवंतपुर से जोधपुर के लिए प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस (NTES) के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। रेलवे ने स्पष्ट किया कि यह कार्य भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं एवं अधिक सुचारू रेल संचालन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।