जोधपुर रेल मंडल ने समयपालनता में रचा नया कीर्तिमान

जोधपुर रेल मंडल ने समयपालनता में रचा नया कीर्तिमान

लगातार 2 दिनों तक 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी दर्ज, यात्रियों को मिली बेहतर सेवा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेल मंडल ने समयपालनता के क्षेत्र में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए 05 एवं 06 मई 2026 को लगातार दो दिनों तक 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी दर्ज की है। इन दोनों दिनों में मंडल की सभी ट्रेनें निर्धारित समयानुसार संचालित हुईं, जो बेहतर संचालन व्यवस्था और रेलकर्मियों की मेहनत का परिणाम है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान माह में 05 मई से 06 मई 2026 की अवधि के दौरान मंडल ने शत-प्रतिशत समयपालनता हासिल की है। इससे पहले भी मार्च माह में जोधपुर मंडल द्वारा लगातार 05 दिनों तक 100 प्रतिशत पंक्चुअलिटी दर्ज कर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया था।

उन्होंने बताया कि मंडल में रेलपथ अनुरक्षण एवं अन्य तकनीकी कार्यों के बावजूद भी संचालन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा गया और ट्रेनों का संचालन पूरी तरह समयबद्ध सुनिश्चित किया गया। यह उपलब्धि मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वय, प्रतिबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है।

रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रैक एवं सिग्नल प्रणाली का नियमित निरीक्षण, समय पर मरम्मत कार्य तथा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों को समयपालनता के महत्व के प्रति निरंतर जागरूक किया जाता है, जिससे रेल संचालन और अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं यात्रियों के अनुकूल बनाया जा सके।

जोधपुर मंडल की यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे की बेहतर कार्यक्षमता और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक मानी जा रही है।