जोधपुर मंडल में आरपीएफ व वाणिज्य टीम की संयुक्त कार्रवाई, सतर्कता से टली बड़ी घटना

विशेष जांच अभियान में बड़ी सफलता: 110 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त

जोधपुर मंडल में आरपीएफ व वाणिज्य टीम की संयुक्त कार्रवाई, सतर्कता से टली बड़ी घटना

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में ट्रेनों के माध्यम से होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष जांच अभियानों के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जोधपुर रेल मंडल की आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग की संयुक्त टीम ने सतर्कता दिखाते हुए ट्रेन से 110 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर जब्त की है।

यह कार्रवाई मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि 12 मई को गाड़ी संख्या 22483 भगत की कोठी?गांधीधाम एक्सप्रेस में वाणिज्य निरीक्षक जोधपुर रतन सिंह गुर्जर तथा आरपीएफ की विशेष टीम द्वारा नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान कोच संख्या एस-4 में संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत संयुक्त टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान कोच एस-4 के शौचालय की छत में छुपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 110 बोतलें बरामद की गईं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग ₹1,05,070 आंकी गई है। बरामद सामग्री को आगे की आवश्यक कार्रवाई हेतु आरपीएफ भगत की कोठी को सुपुर्द कर दिया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने इस सफलता पर टीम की सराहना करते हुए कहा कि जोधपुर रेल मंडल की सुरक्षा टीम और आरपीएफ निरंतर सतर्कता एवं समर्पण के साथ कार्य कर रही है। ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में विशेष निगरानी रखकर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

रेलवे प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ट्रेनों में अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही।