अम्बाला मंडल में विशेष टिकट जांच अभियान, 556 मामलों में 2.96 लाख रुपये का राजस्व अर्जित

अम्बाला। यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 29 अप्रैल को मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में मंडल के टिकट जांच स्टाफ द्वारा विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया।

यह अभियान सहारनपुर-अम्बाला-लुधियाना तथा कालका-चंडीगढ़-अम्बाला रेलखंड के अंतर्गत स्टेशनों एवं ट्रेनों में संचालित किया गया। जांच के दौरान बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

टिकट जांच के दौरान अम्बाला-लुधियाना रेलखंड पर 185 मामलों में ₹1,08,440, सहारनपुर-अम्बाला रेलखंड पर 177 मामलों में ₹90,850 तथा कालका-चंडीगढ़-अम्बाला रेलखंड पर 194 मामलों में ₹97,210 का राजस्व अर्जित किया गया।

अभियान के दौरान कुल 556 मामले दर्ज किए गए, जिनसे कुल ₹2,96,500 का राजस्व प्राप्त हुआ। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करना और यात्री शिकायतों में कमी लाना है।

अम्बाला मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। साथ ही रेलवे ने यात्रियों को जानकारी दी कि RailOne ऐप के माध्यम से टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत तक छूट का लाभ भी मिल सकता है।

यशनजीत सिंह वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अम्बाला मंडल