बिजनौर में अग्निशमन विभाग की बड़ी पहल, मॉक ड्रिल से बढ़ाई आपात तैयारियां

बिजनौर में अग्निशमन विभाग की बड़ी पहल, मॉक ड्रिल से बढ़ाई आपात तैयारियां

ब्रीदिंग ऑपरेटस सेट की ट्रेनिंग देकर फायर कर्मियों को बनाया गया और सक्षम

बिजनौर। प्रदेश में अग्निशमन व्यवस्था को अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा, लखनऊ के आदेश से 21.01.2026 के तहत प्रदेश के समस्त अग्निशमन केंद्रों पर नियमित मॉक ड्रिल, उपकरणों की सफाई तथा उनकी क्रियाशीलता की जांच के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशानुसार माह के प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रूटीन अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में 01 मई, माह के प्रथम शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों नगीना, नजीबाबाद, धामपुर, चाँदपुर एवं बिजनौर में विशेष प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान सभी अग्निशमन कर्मियों को फालिन कर ब्रीदिंग ऑपरेटस सेट (BA सेट) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के अंतर्गत बीए सेट के सभी प्रमुख पार्ट्स जैसे हार्नेस, व्हीस्टल, फेस मास्क, टाईमर आदि की संपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही बीए सेट के सही उपयोग की प्रक्रिया, प्रयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में इसके प्रभावी इस्तेमाल के बारे में भी समझाया गया।

कार्यक्रम में सभी अग्निशमन कर्मियों को बारी-बारी से ब्रीदिंग ऑपरेटस सेट पहनने का अभ्यास कराया गया और अग्निशमन कार्य के दौरान धुएं एवं विषैली गैसों से बचाव के लिए बीए सेट पहनकर कार्य करने की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी दी गई।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास कार्यक्रमों का उद्देश्य अग्निशमन कर्मियों की शारीरिक दक्षता, विभागीय कार्यकुशलता और उपकरणों की पूर्ण क्रियाशीलता सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस प्रशिक्षण अभियान से जनपद बिजनौर में अग्निशमन विभाग की तैयारियां और अधिक मजबूत हुई हैं, जिससे जनता की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिली है।