प्रयागराज मंडल: लोको पायलट, स्टेशन मास्टर सहित 16 कर्मचारी सम्मानित

प्रयागराज। मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार वितरण समारोह 11 मई 2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित ?संकल्प सभागार? में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यूसी शुक्ला सहित मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं निरीक्षक उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कर्मचारियों के सतर्कता पूर्ण कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है और भविष्य में भी इसी तरह सतर्क रहकर कार्य करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बेहतर कार्य से अन्य रेलकर्मियों को भी प्रेरणा मिलती है। रेल का सुरक्षित और संरक्षित परिचालन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किए गए कर्मचारियों में लोको पायलट योगेश कुमार चौहान, सहायक लोको पायलट प्रवेश कुमार दुबे, लोको पायलट सुनील दत्त यादव, सहायक लोको पायलट आशीष पाल, लोको पायलट दिलीप कुमार लाल, सहायक लोको पायलट श्रवण कुमार, लोको पायलट अभिषेक शुक्ला, सहायक लोको पायलट जयंत कुमार मेहता, स्टेशन अधीक्षक राधेराम मीना, पॉइंट्समैन धर्मेन्द्र कुमार सिंह, स्टेशन मास्टर नवीन कुमार, स्टेशन मास्टर राहुल कुमार सिंह, तकनीशियन-III हरिहर कुमार, तकनीशियन-III अनिल कुमार, तकनीशियन-I विजय कुमार सिंह तथा तकनीशियन-I पंकज कुमार गुप्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम के अंत में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सभी पुरस्कृत कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।