हरदोई में रात्रि चौपाल के जरिए पुलिस ने लोगों को किया जागरूक, सुरक्षा को लेकर दिया संदेश, आरिफ खान शानू बोले- आपसी तालमेल से ही अपराध नियंत्रण संभव

हरदोई। जनपद में कानून व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ?रात्रि मोहल्ला चौपाल? कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहर कोतवाली पुलिस द्वारा मोहल्ला मोमिनाबाद के वार्ड नंबर 19 में चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मोहल्ले के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी। चौपाल में अतिरिक्त निरीक्षक बालकृष्ण मिश्रा द्वारा लोगों से अपील की गई कि यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही साइबर अपराध, महिलाओं की सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने को लेकर भी जागरूक किया गया।
इस दौरान भाजपा नेता आरिफ खान शानू भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की मित्र है और अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा में दिन-रात लगी रहती है। उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने और किसी भी गलत गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की।
आरिफ खान शानू ने कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि जब समाज और पुलिस मिलकर काम करेंगे, तभी सुरक्षित वातावरण तैयार होगा।
चौपाल कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखी, जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर मुख्य रूप से मोहम्मद आफाक, मोहम्मद जुबैर, मोहम्मद एहतिशान, मोहम्मद अरहम, मोहम्मद जुनैद समेत बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।