हरदोई में दर्दनाक हादसा, पानी भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत, मचा कोहराम

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम चिमना स्थित एक ईंट भट्ठे पर दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मृत बच्चों की पहचान इरशाद खान पुत्र अशफाक खान निवासी अमीनगर थाना मोहम्मदी जनपद लखीमपुर खीरी के 7 वर्षीय पुत्र और 9 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इरशाद खान परिवार सहित चिमना गांव स्थित आशीष ईंट भट्ठे पर मजदूरी का काम करता है।
जानकारी के अनुसार, ईंट पथाई के लिए मिट्टी निकालने और बारिश का पानी एकत्र होने के कारण भट्ठे के पास एक गहरा गड्ढा बना हुआ था। खेलते समय दोनों बच्चे गड्ढे के पास पहुंच गए और पानी में डूब गए। काफी देर तक बच्चों के नजर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद दोनों के शव गड्ढे से बरामद हुए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ हरपालपुर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की पानी में डूबने से मौत हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।
घटना के बाद ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों और ग्रामीणों में शोक व्याप्त है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।