हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटी, चार गंभीर घायल

हरदोई। गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पचदेवरा थाना क्षेत्र के कुरारी गांव के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक समेत कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज गति से जा रही थी। कुरारी-बरूआरा गांव के ओवरब्रिज के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक युवती चला रही थी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। बताया गया कि हादसे के करीब एक घंटे बाद यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है।