हरदोई में चोरी की वारदात का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर चोर घायल, पैर में लगी गोली

हरदोई। पिहानी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गौखरिका निवासी दीपक सिंह ने 9 मई 2026 को थाना पिहानी में तहरीर देकर बताया था कि 8/9 मई की रात अज्ञात चोर उनके घर से आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इसी रात पड़ोसी सतीश सिंह के बंद मकान का दरवाजा तोड़कर चोरी की गई, जबकि धर्मपाल सिंह के घर की पीछे की दीवार तोड़कर आभूषण और 97 हजार रुपये नकद पार कर दिए गए। मामले में थाना पिहानी पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। रविवार रात रसूलपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बुद्धपाल निवासी शाहजहांपुर और आशिफ निवासी पिहानी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने बिना नंबर की मोटरसाइकिल, चोरी के आभूषण, दो तमंचे, कारतूस और खोखा बरामद किए हैं। बुद्धपाल पर 16 और आशिफ पर 2 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।