मुरादाबाद में सभी फायर स्टेशनों पर कराई गई लेडर ड्रिल, कर्मियों ने दिखाई तत्परता! सीएफओ डॉ राजीव कुमार पाण्डेय

मुरादाबाद। अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवाएं लखनऊ के निर्देश में 21 जनवरी एवं पृष्ठांकन आदेश ब-5/सी.एफ.ओ.(मॉकड्रिल)-2026 24 जनवरी के अनुपालन में अग्निशमन केंद्रों पर नियमित मॉक ड्रिल एवं उपकरणों की क्रियाशीलता जांच का कार्यक्रम लगातार संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शुक्रवार को अग्निशमन तथा आपात सेवा जनपद मुरादाबाद के समस्त फायर स्टेशनों पर लेडर ड्रिल कराई गई। ड्रिल के दौरान फायर कर्मियों द्वारा सीढ़ी (लेडर) संचालन, ऊंचाई पर रेस्क्यू प्रक्रिया, उपकरणों की सुरक्षित हैंडलिंग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया से संबंधित अभ्यास किया गया।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य अग्निशमन वाहनों व उपकरणों की साफ-सफाई, नियमित चेकिंग एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित करना, साथ ही अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शारीरिक दक्षता और विभागीय कार्यक्षमता बनाए रखना रहा।

अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मॉक ड्रिल एवं रूटीन जांच कार्य जारी रहेंगे, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।