मुरादाबाद महिला जिला अस्पताल में सुरक्षा का बड़ा कदम, फायर सिस्टम की पूरी जांच

महिला जिला चिकित्सालय मुरादाबाद में फायर मॉक ड्रिल, मेडिकल स्टाफ को दिया गया प्रशिक्षण

मुरादाबाद। महिला जिला चिकित्सालय मुरादाबाद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से फायर सेफ्टी मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान अस्पताल में लगे अग्निशमन उपकरणों का फायर ऑडिट किया गया तथा सभी उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की गई।

इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय द्वारा समस्त मेडिकल स्टाफ को अग्निशमन यंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद मेडिकल स्टाफ ने स्वयं अग्निशमन उपकरण चलाकर अभ्यास किया, ताकि आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मॉक ड्रिल के अंतर्गत अस्पताल में लगे हाइड्रेंट, डाउन कमर और होजरील सिस्टम को भी चलाकर डेमोंस्ट्रेशन कराया गया। साथ ही अस्पताल के आपातकालीन निकास मार्ग एवं इमरजेंसी रूट का निरीक्षण कर उन्हें पूरी तरह अवरोध मुक्त रखने के निर्देश दिए गए।

इस कार्यक्रम में अस्पताल के चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक मुरादाबाद भी उपस्थित रहे। बताया गया कि यह मॉक ड्रिल एसएसपी के आदेशानुसार आयोजित की गई, जिसका संचालन सीएफओ डॉ. आर.के. पांडेय के नेतृत्व में तथा एफएसओ ज्ञानप्रकाश शर्मा द्वारा किया गया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस प्रकार की मॉक ड्रिल से आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों की सुरक्षा और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।