मुरादाबाद फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला, “आर्ट ऑफ ब्रास” में लगी आग पर समय रहते पाया काबू

मुरादाबाद। जनपद मुरादाबाद के लालपुर हमीर स्थित आर्ट ऑफ ब्रास में शुक्रवार को आग लगने की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन मुरादाबाद की टीम ने बेहद तेज़ और सराहनीय कार्रवाई करते हुए समय रहते आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। फायर कर्मियों की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 08 मई को सुबह 09:35 बजे चौकी मैनाठेर द्वारा फायर स्टेशन को आग लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट ने बिना किसी देरी के मात्र एक मिनट में 09:36 बजे घटनास्थल के लिए प्रस्थान कर दिया।

फायर ब्रिगेड की टीम 10:00 बजे घटनास्थल पर पहुंची, जहां आग बुझाने के लिए 04 वाटर टेंडर लगाए गए। मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे और उनके कुशल नेतृत्व में फायर यूनिट ने तुरंत 02 होज रील लाइन बिछाकर प्रभावी तरीके से आग बुझाने का कार्य शुरू किया।

कड़ी मेहनत और समन्वित प्रयासों से आग को पूर्ण रूप से बुझाकर शांत कर दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

घटनास्थल पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी बिलारी, अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा तथा थाना प्रभारी मैनाठेर भी मौजूद रहे।

फायर विभाग की तेज़ प्रतिक्रिया, अनुशासित कार्यशैली और टीमवर्क की बदौलत आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र और संपत्ति को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।