यूपी में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब प्रीपेड से पोस्टपेड मोड में होंगे सभी स्मार्ट मीटर

#Moradabad। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए स्मार्ट मीटरों को लेकर अहम फैसला लिया है। आरडीएसएस योजना के अंतर्गत लगाए गए सभी स्मार्ट मीटर, जो अभी तक प्रीपेड मोड में चल रहे हैं, उन्हें अब पोस्टपेड मोड में परिवर्तित किया जाएगा।

इस संबंध में UPPCL द्वारा 6 मई 2026 को आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह बिल के आधार पर भुगतान करने की सुविधा मिलेगी।

हर माह समय पर मिलेगा बिजली बिल

UPPCL ने निर्देश दिए हैं कि मई 2026 की खपत का बिल जून 2026 में पोस्टपेड प्रणाली के तहत जारी किया जाएगा। सभी उपभोक्ताओं को बिल SMS और WhatsApp के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।

साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध कराया जाए। यदि 5 तारीख तक ऑटोमैटिक रीडिंग प्राप्त नहीं होती है, तो मैनुअल रीडिंग कराकर बिल समय पर जारी किया जाएगा।

1912 नंबर से मिलेगी शिकायत सुविधा

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए UPPCL ने यह भी बताया है कि बिल से संबंधित शिकायतें 1912 हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज कराई जा सकती हैं। स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए 15 मई से 30 जून 2026 तक विशेष कैंप/काउंटर भी लगाए जाएंगे।

WhatsApp चैटबॉट नंबर जारी

यदि किसी उपभोक्ता को समय पर बिल प्राप्त नहीं होता है तो वह संबंधित डिस्कॉम के WhatsApp चैटबॉट पर अपना संयोजन संख्या भेजकर जानकारी प्राप्त कर सकता है।

WhatsApp चैटबॉट नंबर इस प्रकार हैं?

पूर्वांचल : +91 801-096-8292

मध्यांचल : +91 766-900-3409

पश्चिमांचल : +91 785-980-4803

दक्षिणांचल : +91 801-095-7826

केस्को (कानपुर) : +91 828-783-5233

बिल भुगतान और डिस्कनेक्शन की नई व्यवस्था

पोस्टपेड प्रणाली में बिल जारी होने की तिथि से 15 दिन की ड्यू डेट तथा उसके बाद 7 दिन की डिस्कनेक्शन डेट निर्धारित की जाएगी। यदि ड्यू डेट तक भुगतान नहीं किया गया तो विद्युत प्रदाय संहिता-2005 एवं टैरिफ आदेश के अनुसार विलंब अधिभार भी लगाया जाएगा।

घरेलू उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत

UPPCL ने घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बताया कि जो उपभोक्ता 30 अप्रैल 2026 तक का बकाया (विलंब अधिभार सहित) 10 किस्तों में जमा करेंगे, उन्हें सुविधा दी जाएगी। अन्य श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए 3 किस्तों (40%, 30%, 30%) में भुगतान की व्यवस्था लागू होगी।

उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत

इस निर्णय के बाद प्रदेश के लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें बार-बार रिचार्ज कराने की आवश्यकता नहीं होगी और वे सामान्य पोस्टपेड व्यवस्था के तहत बिजली का भुगतान कर सकेंगे। UPPCL ने सभी संबंधित वितरण निगमों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।