जम्मू। विद्युत सुरक्षा सप्ताह का आयोजन, 1 से 7 मई तक पावर डिपो जम्मू तवी में चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान

जम्मू। रेल यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पावर डिपो जम्मू तवी में 1 मई से 7 मई तक "विद्युत सुरक्षा सप्ताह"मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, दुर्घटनाओं की रोकथाम और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को सुनिश्चित करना है।

विद्युत सुरक्षा सप्ताह के दौरान डिपो में कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक सेफ्टी नियमों, सुरक्षित कार्य प्रणाली, ओवरलोडिंग से बचाव, अर्थिंग की जांच, शॉर्ट सर्किट से सुरक्षा, तथा आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई जैसे विषयों पर जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रम के अंतर्गत सेफ्टी मीटिंग, प्रशिक्षण सत्र, सुरक्षा पोस्टर प्रदर्शनी, तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से कर्मचारियों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही यह संदेश दिया जा रहा है कि बिजली से जुड़ी किसी भी छोटी लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए हर कार्य को सतर्कता और नियमों के अनुसार ही किया जाए।

डिपो अधिकारियों ने कहा कि "सुरक्षा ही सेवा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है", और विद्युत सुरक्षा सप्ताह कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ दुर्घटनाओं को शून्य स्तर पर लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर सभी कर्मचारियों को विद्युत सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।