कम किराया, शानदार सुविधा: जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत ने जीता यात्रियों का दिल

जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने रचा नया इतिहास, यात्रियों के लिए बना सबसे भरोसेमंद और किफायती सफर का विकल्प

जम्मू। जम्मू से श्रीनगर के बीच शुरू हुई वंदे भारत एक्सप्रेस ने यात्रियों के दिलों में खास जगह बना ली है। आधुनिक सुविधाओं, तेज गति और किफायती किराये के चलते यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर की जीवनरेखा बनती जा रही है। यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस ने कश्मीर घाटी की यात्रा को पहले से कहीं अधिक आसान, सुरक्षित और आरामदायक बना दिया है।

जहां हवाई यात्रा का किराया ₹4,000 से ₹6,000 तक पहुंच जाता है, वहीं वंदे भारत एक्सप्रेस मात्र ₹730 (कैटरिंग शुल्क अतिरिक्त) में यात्रियों को बेहतरीन सुविधा उपलब्ध करा रही है। यह आम आदमी के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। कम खर्च में "प्रीमियम ट्रैवल एक्सपीरियंस"मिलने से यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

तेज रफ्तार, शानदार सुविधा और समय की बचत

यह अत्याधुनिक ट्रेन जम्मू से श्रीनगर की दूरी मात्र 4 घंटे 45 मिनट में तय कर रही है। सड़क मार्ग की तुलना में यह यात्रा न केवल तेज है बल्कि यात्रियों को थकान से भी बचाती है। ट्रेन की आरामदायक सीटें, स्वच्छता, आधुनिक कोच और बेहतर रखरखाव यात्रियों को एक यादगार अनुभव दे रहे हैं।

जीपीएस सूचना प्रणाली और प्रीमियम इंटीरियर बना आकर्षण

वंदे भारत ट्रेन में जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली, डिजिटल डिस्प्ले, आधुनिक सुविधाएं और आकर्षक इंटीरियर यात्रियों को हवाई जहाज जैसी अनुभूति दे रहा है। यही वजह है कि पर्यटक, स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग लगातार इस ट्रेन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

कश्मीर पर्यटन को नई उड़ान

वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से जम्मू-कश्मीर के पर्यटन उद्योग को भी बड़ा बढ़ावा मिल रहा है। अब पर्यटक कम समय में आसानी से श्रीनगर पहुंच पा रहे हैं, जिससे होटल, टैक्सी, स्थानीय बाजार और पर्यटन स्थलों पर रौनक बढ़ गई है। यह ट्रेन घाटी की आर्थिक गतिविधियों को गति देने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

स्थानीय व्यंजनों का स्वाद, IRCTC का खास कश्मीरी मेन्यू

वंदे भारत में यात्रियों के खानपान का भी विशेष ध्यान रखा गया है। IRCTC द्वारा इस रूट के लिए विशेष शाकाहारी कश्मीरी मेन्यू तैयार किया गया है, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान स्थानीय स्वादों का आनंद मिल रहा है। यात्री चाहें तो टिकट बुकिंग के समय ?No Food? विकल्प चुन सकते हैं, जिससे कैटरिंग शुल्क नहीं लिया जाता। वहीं, आवश्यकता पड़ने पर ट्रेन में उपलब्धता के आधार पर भुगतान कर भोजन खरीदा जा सकता है।

दो दिन में रिकॉर्ड यात्रियों की संख्या, लोकप्रियता चरम पर

जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन ने अपने पहले ही दिन शानदार शुरुआत करते हुए लगभग 3925 यात्रियों को यात्रा कराई, जबकि दूसरे दिन 03 मई को यह आंकड़ा 5000 से अधिक पहुंच गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में इसकी ऑक्युपेंसी 100 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है, जो वंदे भारत की बढ़ती लोकप्रियता और यात्रियों के विश्वास को दर्शाता है।

आम जनता के लिए वरदान बनी वंदे भारत

विशेष रूप से जम्मू-श्रीनगर जैसे चुनौतीपूर्ण मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस आम जनता के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो रही है। यह ट्रेन न केवल तेज और सुरक्षित यात्रा का विकल्प है, बल्कि कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में भी ऐतिहासिक भूमिका निभा रही है।

यह जानकारी जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल राघवेंद्र सिंह द्वारा दी गई।