ठंडी हवाओं में गूंजे जयकारे, 20 हजार श्रद्धालुओं ने किया प्रस्थान

धूप खिली तो बढ़ा उत्साह, ठंडी हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी यात्रा जारी

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा में मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बावजूद मां वैष्णो देवी की पावन यात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। श्रद्धालु लगातार भवन की ओर बढ़ रहे हैं और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

शनिवार रात्रि तूफान, गरज-चमक और रिमझिम बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए कठिनाइयां जरूर बढ़ीं, लेकिन मौसम साफ होते ही रविवार को श्रद्धालुओं को राहत मिली। दिनभर धूप खिलने के साथ ठंडी हवाएं चलती रहीं, जिससे यात्रा मार्ग पर सुहावना माहौल बना रहा और यात्रियों को काफी आराम मिला।

श्राइन बोर्ड प्रशासन के अनुसार रविवार शाम सात बजे तक करीब 20 हजार श्रद्धालु भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे, जबकि देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी है।

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं। हेलिकॉप्टर सेवा, बैटरी कार, रोपवे के साथ-साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी सेवाएं भी सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालु बाबा भैरवनाथ मंदिर में हाजिरी लगाकर अपनी यात्रा पूर्ण कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस विभाग और सीआरपीएफ के जवान पूरी तरह सतर्क हैं। जगह-जगह निगरानी रखी जा रही है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनी रहे।

मौसम विभाग ने आगामी दो-तीन दिनों में मौसम के फिर से बदलने की संभावना जताई है। तेज हवाओं और बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तैयारी के साथ सतर्क बना हुआ है।