सार्वजनिक रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाया, एक आरोपी गिरफ्तार

आलापुर (अंबेडकर नगर) | थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम कोहड़ा भांट में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए हटवा दिया। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया । बताया जाता है कि गांव के कुछ दबंगों ने सार्वजनिक मार्ग पर मोरंग और ईंट रखकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था, जिससे ग्रामीणों के आवागमन में काफी दिक्कतें हो रही थीं। इस संबंध में गांव निवासी संग्राम शर्मा ने तहसील दिवस में शिकायत दर्ज कराई थी । शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी आलापुर ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। पहले स्थानीय पुलिस ने अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने सहयोग नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उपजिलाधिकारी न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया । सोमवार को उपजिलाधिकारी के आदेश पर खंड विकास अधिकारी रविन्द्र कुमार चक्रवर्ती और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर सार्वजनिक रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।