हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी

आलापुर (अम्बेडकर नगर ) | अमड़ी टोल प्लाजा के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह जब राहगीरों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी, तो देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कटका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव हाईवे से कुछ दूरी पर झाड़ियों में पड़ा था। युवक केवल बनियान पहने हुए था और प्रथम दृष्टया शव करीब एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। स्थानीय लोग जहां इसे हादसा मान रहे हैं, वहीं कुछ लोग संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में शिनाख्त के लिए सूचना दी गई है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष कटका अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि शव की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। वहीं क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही युवक की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।