ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले दो अपचारी बालक आरपीएफ की सतर्कता से पकड़े गए

नागपुर। रेल यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के निर्बाध संचालन को प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल रेलवे सुरक्षा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी करने वाले दो अपचारी बालकों को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार 03 मई को गाड़ी संख्या 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के सामान्य कोच पर रसमड़ा?दुर्ग रेलखंड के बीच किमी 869/10-12 के पास पत्थरबाजी की घटना हुई थी। इस घटना की सूचना मिलते ही मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में तथा आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

आरपीएफ टीम ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया और बघेरा गेट के पास दो संदिग्ध अपचारी बालकों को पकड़ लिया। पूछताछ में एक बालक ने स्वीकार किया कि वह अपने मित्र के साथ तालाब में नहाने के बाद आपसी शर्त के चलते निशानेबाजी साबित करने के लिए गुजरती ट्रेन पर पत्थर फेंक बैठा, जो कोच के कांच से जा टकराया। बालक ने यह बात अपने अभिभावक के सामने भी स्वीकार की।

इस मामले में आरपीएफ पोस्ट राजनांदगांव में रेलवे अधिनियम के तहत केस दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ ने स्पष्ट किया कि चलती ट्रेनों पर पत्थरबाजी जैसी घटनाएं गंभीर अपराध हैं, जिससे यात्रियों की जान को खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे सुरक्षा बल ने आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक या उसके आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी आरपीएफ पोस्ट या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें। आरपीएफ ने यह भी आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।