नागपुर मंडल के DRM दीपक कुमार गुप्ता ने गोंदिया–बल्हारशाह रेलखंड का किया सघन निरीक्षण

नागपुर मंडल के DRM दीपक कुमार गुप्ता ने गोंदिया?बल्हारशाह रेलखंड का किया सघन निरीक्षण

यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास कार्यों व संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

रेल संचालन को सुरक्षित, समयबद्ध व निर्बाध बनाने के दिए निर्देश

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने शुक्रवार को गोंदिया?बल्हारशाह रेलखंड का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह सहित नागपुर मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान यात्री सुविधाओं, संरक्षा व्यवस्थाओं, स्टेशन विकास कार्यों तथा रेल संचालन की तैयारियों का गहन अवलोकन किया गया।

निरीक्षण के क्रम में हिरदामाली, गोंगले, सोंदड़, देवलगांव, अर्जुनी, वडसा, ब्रह्मपुरी और नागभीड़ जंक्शन स्टेशनों का विशेष निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने इन स्टेशनों पर यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं जैसे स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, प्रतीक्षालय, टिकटिंग सुविधा, प्लेटफार्म की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की।

यात्री संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही यात्री सेवा, टिकट जांच अभियान, राजस्व वृद्धि, खानपान सेवाएं और स्टेशन परिसरों में वाणिज्यिक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की संतुष्टि रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

संरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान

डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता ने रेल पथ, सिग्नल प्रणाली, दूरसंचार व्यवस्था, ओवरहेड विद्युत उपकरण, पुल-पुलियों तथा अन्य संरक्षा मानकों का भी सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि सुरक्षित, समयबद्ध और निर्बाध रेल संचालन नागपुर मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

स्वच्छता व सौंदर्यीकरण की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसरों की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, हरित वातावरण तथा यात्री सुविधा विस्तार कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्टेशन परिसर साफ-सुथरा और यात्रियों के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि नागपुर मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक एवं आधुनिक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।