नागपुर मंडल में रेलवे प्रशासन व अनुसूचित जाति/जनजाति रेलकर्मी संगठन के बीच प्रथम अनौपचारिक बैठक सम्पन्न

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में रेलवे कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु रेलवे प्रशासन एवं मान्यता प्राप्त संगठनों के बीच आयोजित की जाने वाली वार्षिक अनौपचारिक बैठकों के क्रम में वर्ष 2026 की प्रथम अनौपचारिक बैठक आज 29 अप्रैल 2026 को मंडल रेल प्रबंधक सभागृह, नागपुर में सम्पन्न हुई।

इस बैठक की अध्यक्षता उदय कुमार भारती, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर ने की। बैठक में आल इंडिया अनुसूचित जाति/जनजाति रेलकर्मी संगठन, नागपुर की ओर से एम. एस. खोब्रागडे (जोनल अध्यक्ष) एवं प्रतीम पविड्डे (मंडल सचिव) उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कर्मचारियों से संबंधित कुल 07 विभिन्न मुद्दों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इनमें से कई समस्याओं का समाधान संबंधित शाखा अधिकारियों द्वारा बैठक के दौरान ही तत्काल कर दिया गया। शेष मामलों पर रेलवे प्रशासन ने निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर निपटारा करने का आश्वासन दिया।

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह कर्मचारियों के हित, कल्याण तथा कार्यस्थल पर बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से प्रशासन एवं संगठनों के बीच संवाद और समन्वय की यह प्रक्रिया आगे भी निरंतर जारी रखी जाएगी।

बैठक में वसीम सिद्दकी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन), राजेश एच. प्रसाद, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।