इगतपुरी गुड्स शेड से पहली बार ऑटोमोबाइल रेक रवाना, मध्य रेल को मिलेगा 17 लाख से अधिक राजस्व

मुंबई। मध्य रेल ने माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए इगतपुरी गुड्स शेड से पहली बार ऑटोमोबाइल लोडिंग की सफल शुरुआत की है। यह पहली एनएमजी (न्यू मॉडिफाइड गुड्स) रेक लोडिंग 02 मई को की गई, जिससे क्षेत्र में लॉजिस्टिक सुविधाओं को नई गति मिली है।

इस सेवा के लिए पहला इंडेंट एम/एस ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (TCOI) द्वारा दिया गया। इस अवसर पर कुल 100 कारों को 25 एनएमजी वैगनों में लोड कर सुरक्षित परिवहन के लिए रवाना किया गया। यह रेक उत्तर पूर्व रेलवे के नौतनवा गुड्स टर्मिनल के लिए भेजी गई है। इस रेक से मध्य रेल को लगभग ₹17,16,750/- के राजस्व की प्राप्ति होने की संभावना है।

लोड किए गए वाहन नासिक स्थित महिंद्रा एंड महिंद्रा प्लांट से प्राप्त विभिन्न मॉडलों का मिश्रित समूह हैं। इगतपुरी गुड्स शेड के माध्यम से नासिक औद्योगिक क्षेत्र के वाहन निर्माताओं को एक सुव्यवस्थित और सुविधाजनक लोडिंग प्वाइंट मिला है, जिससे परिवहन समय घटेगा और लॉजिस्टिक लागत में भी कमी आएगी।

मध्य रेल द्वारा इगतपुरी गुड्स शेड को ऑटोमोबाइल लोडिंग के लिए अधिसूचित करना माल ढुलाई विविधीकरण की दिशा में एक अहम कदम है। इससे ऑटोमोबाइल उद्योग को एंड-टू-एंड परिवहन समाधान उपलब्ध होगा।

रेल परिवहन सड़क परिवहन की तुलना में अधिक पर्यावरण अनुकूल माना जाता है, क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है और राजमार्गों पर यातायात दबाव भी घटता है। ऑटोमोबाइल परिवहन को सड़क से रेल की ओर स्थानांतरित करना तेज, सुरक्षित और किफायती विकल्प के रूप में उभर रहा है।

मध्य रेल का मुंबई मंडल ?गति शक्ति? दृष्टिकोण के तहत नए बाजारों और कमोडिटी की पहचान कर माल ढुलाई हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

डॉ. स्वप्निल निला मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल