रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी पहल: पत्थरबाजी व ट्रैक पर अवरोध रोकने को 15 दिन में 27 स्कूलों व 11 गांवों तक पहुंचा जागरूकता अभियान

रेलवे सुरक्षा बल की बड़ी पहल: पत्थरबाजी व ट्रैक पर अवरोध रोकने को 15 दिन में 27 स्कूलों व 11 गांवों तक पहुंचा जागरूकता अभियान

नागपुर| रेलवे सुरक्षा बल (RPF), दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल द्वारा रेलगाड़ियों में पत्थरबाजी तथा रेलवे ट्रैक पर लकड़ी, पत्थर, लोहे के टुकड़े रखकर रेल संचालन बाधित करने जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान सामुदायिक पुलिसिंग के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों को इस तरह की घटनाओं के गंभीर दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना है।

रेलवे जांच रिपोर्टों में सामने आया है कि कई बार रेलवे लाइन के पास रहने वाले बच्चे खेल-खेल में या उत्सुकतावश चलती ट्रेनों पर पत्थर फेंक देते हैं या ट्रैक पर अवरोधक सामग्री रख देते हैं। ऐसी गतिविधियां न केवल गंभीर अपराध हैं, बल्कि इससे बड़ी रेल दुर्घटना होने की आशंका रहती है और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में नागपुर मंडल के सभी निरीक्षक प्रभारियों के नेतृत्व में यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके तहत संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण, गांवों के प्रमुखों से संवाद, स्थानीय नागरिकों से संपर्क तथा स्कूलों-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

अभियान के दौरान बच्चों को जागरूक करने के लिए क्रिकेट, शतरंज, दौड़, चम्मच दौड़, ट्रे-पासिंग जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी कराई गईं। विजेताओं को पुरस्कार और अन्य बच्चों को सांत्वना पुरस्कार एवं खाद्य सामग्री देकर प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों को समझाया गया कि पत्थरबाजी या ट्रैक पर वस्तु रखना मजाक नहीं बल्कि गंभीर अपराध है।

आरपीएफ द्वारा यह विशेष अभियान 16 अप्रैल 2026 से शुरू किया गया था, जिसके तहत मात्र 15 दिनों में नागपुर मंडल क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास स्थित 27 शिक्षण संस्थानों, 11 गांवों/बस्तियों और 03 खेल मैदानों तक पहुंचकर कुल 408 जागरूकता अभियान चलाए गए।

यह अभियान महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों जैसे नागपुर, गोंदिया, भंडारा, गढ़चिरौली, बालाघाट, छिंदवाड़ा, मंडला, सिवनी, राजनांदगांव आदि स्थानों पर आयोजित किया गया।

रेलवे सुरक्षा बल नागपुर मंडल ने सभी नागरिकों, अभिभावकों और यात्रियों से अपील की है कि यदि कहीं भी पत्थरबाजी या ट्रैक पर अवरोध जैसी गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत नजदीकी RPF पोस्ट या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दें। आरपीएफ ने यह भी स्पष्ट किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।