हडपसर–बनारस के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवा शुरू करेगा मध्य रेलवे

मध्य रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए हडपसर?बनारस?हडपसर अमृत भारत एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं शुरू करने जा रहा है। ट्रेन संख्या 22589 बनारस?हडपसर का संचालन 2 मई 2026 से प्रतिदिन होगा, जबकि ट्रेन संख्या 22590 हडपसर?बनारस की सेवा 4 मई 2026 से रोजाना शुरू की जाएगी।

रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 अप्रैल 2026 को वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में किया था। ट्रेन संख्या 22590 हडपसर से सुबह 07:50 बजे रवाना होकर अगले दिन 14:30 बजे बनारस पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 22589 बनारस से शाम 18:15 बजे चलकर तीसरे दिन रात 00:10 बजे हडपसर पहुंचेगी।

यह ट्रेन दौंड कॉर्ड लाइन, अहिल्यानगर, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, रानी कमलापति, झांसी, प्रयागराज जंक्शन और ज्ञानपुर रोड सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। ट्रेन में 8 स्लीपर, 11 जनरल, 1 पैंट्री कार और 2 गार्ड ब्रेक वैन कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस में कवच सुरक्षा प्रणाली, पुश-पुल तकनीक, सीसीटीवी, एलईडी लाइटिंग, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, दिव्यांगजन अनुकूल कोच और पूरी तरह सील्ड गैंगवे जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

ट्रेन संख्या 22590 के लिए आरक्षण 2 मई 2026 से IRCTC वेबसाइट और सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों पर शुरू होगा। अनारक्षित टिकट UTS और RailOne ऐप से लिए जा सकेंगे। यह जानकारी मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने दी।