उत्तर पश्चिम रेलवे में कैशलेस भुगतान का बढ़ा चलन, यात्री अब ऐप और UPI से ले रहे टिकट

उत्तर पश्चिम रेलवे पर रेलवे टिकट, पार्सल, रिटायरिंग रूम, गुड्स समेत अन्य सेवाओं के लिए ऑनलाइन डिजिटल भुगतान का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार यात्रियों को टिकट काउंटरों पर लंबी कतार से राहत देने के लिए अनारक्षित टिकट खिड़कियों व पार्सल कार्यालयों में डायनामिक QR कोड की सुविधा शुरू की गई है।

महाप्रबंधक अमिताभ के निर्देशन में उत्तर पश्चिम रेलवे की 603 लोकेशन पर QR कोड कमिशन कर दिए गए हैं, जिससे अब टिकट काउंटर पर भी Paytm, Google Pay, PhonePe सहित UPI के जरिए भुगतान किया जा रहा है। इससे यात्रियों को खुले पैसे की परेशानी खत्म होने के साथ कम समय में टिकट मिल रहा है और पारदर्शिता भी बढ़ी है।

रेलवे प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया और स्टाफ के माध्यम से यात्रियों को डिजिटल भुगतान के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। रेलवे ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक डिजिटल पेमेंट कर डिजिटल इंडिया अभियान को सहयोग दें।