1 मई से मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के बदले ट्रेन नंबर और कोच संरचना, प्राइमरी मेंटेनेंस अब जोधपुर के जिम्मे

जोधपुर। पश्चिमी राजस्थान को राजधानी दिल्ली से जोड़ने वाली लोकप्रिय जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस शुक्रवार 1 मई 2026 से नए ट्रेन नंबर और संशोधित कोच संरचना के साथ संचालित होगी। रेलवे प्रशासन द्वारा किए गए ये महत्वपूर्ण बदलाव 1 मई से लागू किए जा रहे हैं।

इसके साथ ही इस ट्रेन की प्राइमरी मेंटेनेंस (प्राथमिक अनुरक्षण) की जिम्मेदारी अब पश्चिम रेलवे से हटाकर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल को सौंप दी गई है, जिससे संचालन एवं अनुरक्षण व्यवस्था में बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने बताया कि ट्रेन संख्या 22996 जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 22491 किया जा रहा है, जो 1 मई 2026 से प्रभावी होगा। वहीं ट्रेन संख्या 22995 दिल्ली-जोधपुर मंडोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नंबर बदलकर 22492 किया जा रहा है, जो 2 मई 2026 से लागू हो जाएगा।

कोच संरचना में भी बड़ा बदलाव

रेलवे द्वारा 1 मई से ट्रेन की कोच संरचना में भी संशोधन किया गया है। नई व्यवस्था के अनुसार अब इस ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे। इसमें 1 फर्स्ट एसी, 3 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 स्लीपर, 4 जनरल, 1 पावर कार और 1 गार्ड/ब्रेक वैन शामिल रहेगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों को सूचित किया है कि 1 मई या उसके बाद की यात्रा के लिए टिकट बुकिंग में नए ट्रेन नंबर का ही उपयोग करें। कोच संरचना बदलने के कारण सीट एवं कोच स्थिति में परिवर्तन संभव है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के नंबर और कोच संरचना में बदलाव के बावजूद समय-सारणी और स्टॉपेज में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति, समय एवं प्लेटफॉर्म की जानकारी अवश्य जांच लें।