जोधपुर मंडल से 26 जुलाई तक 27 अतिरिक्त ट्रिप चलेंगी 3 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें, भावनगर-हरिद्वार का संचालन भी जारी

जोधपुर। गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर मंडल से संचालित तीन जोड़ी साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेनों के 26 जुलाई तक कुल 27 अतिरिक्त ट्रिप चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही भावनगर-हरिद्वार रूट पर भी समर स्पेशल ट्रेन के 5 अतिरिक्त ट्रिप संचालित किए जाएंगे।

मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों की संख्या में आगे और वृद्धि भी की जा सकती है।

रेलवे के अनुसार इन समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में राहत मिलेगी और लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

समर स्पेशल ट्रेनों का प्रमुख शेड्यूल

ट्रेन संख्या 04827 भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस

भगत की कोठी से प्रत्येक शनिवार सुबह 11:30 बजे प्रस्थान कर रविवार सुबह 07:25 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। (11 जुलाई तक, 11 ट्रिप शेष)

ट्रेन संख्या 04828 बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस

बांद्रा टर्मिनस से प्रत्येक रविवार सुबह 10:30 बजे रवाना होकर सोमवार सुबह 04:30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। (12 जुलाई तक, 11 ट्रिप शेष)

ट्रेन संख्या 04813 भगत की कोठी-दानापुर साप्ताहिक एक्सप्रेस

भगत की कोठी से प्रत्येक बुधवार शाम 05:20 बजे प्रस्थान कर गुरुवार शाम 05:45 बजे दानापुर पहुंचेगी। (15 जुलाई तक, 11 ट्रिप शेष)

ट्रेन संख्या 04814 दानापुर-भगत की कोठी साप्ताहिक एक्सप्रेस

दानापुर से प्रत्येक गुरुवार शाम 07:00 बजे प्रस्थान कर शनिवार रात 01:00 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। (16 जुलाई तक, 11 ट्रिप शेष)

ट्रेन संख्या 09271 भावनगर-हरिद्वार साप्ताहिक एक्सप्रेस

भावनगर टर्मिनस से प्रत्येक रविवार सुबह 04:25 बजे रवाना होकर सोमवार दोपहर 03:00 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। (31 मई तक, 5 ट्रिप शेष)

ट्रेन संख्या 09272 हरिद्वार-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस

हरिद्वार से प्रत्येक सोमवार शाम 04:25 बजे प्रस्थान कर बुधवार सुबह 04:35 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंचेगी। (25 मई तक, 5 ट्रिप शेष)

रेलवे प्रशासन ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से यात्रियों को गर्मी के मौसम में यात्रा करने में बड़ी सुविधा मिलेगी और बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।