जोधपुर मंडल में समपार फाटकों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत एक माह में 6 समपार फाटकों पर लगाए गए आधुनिक इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर

जोधपुर मंडल में समपार फाटकों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत

एक माह में 6 समपार फाटकों पर लगाए गए आधुनिक इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में समपार फाटकों पर सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए लगातार आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है। इसी क्रम में पिछले एक माह के भीतर मंडल के 6 इंटरलॉक्ड समपार फाटकों पर आधुनिक इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर लगाए गए हैं।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जोधपुर मंडल सहित पूरे उत्तर पश्चिम रेलवे जोन में कुल 531 समपार फाटकों को इंटरलॉकिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। इसके साथ ही 14 समपार फाटकों पर इमरजेंसी स्लाइड बूम तथा 31 स्थानों पर रिमोट टर्मिनल यूनिट (RTU) लगाए गए हैं, जिससे फाटकों का संचालन अधिक सुरक्षित, नियंत्रित और तकनीकी रूप से उन्नत हो गया है।

डीआरएम ने जानकारी दी कि मार्च 2026 के दौरान जोधपुर मंडल के कई प्रमुख स्थानों पर भी इलेक्ट्रिक बैरियर लगाए गए हैं, जिनमें तालछापर?पडिहारा सेक्शन, राईका बाग?मंडोर क्षेत्र तथा बड़ी खाटू शामिल हैं।

रेलवे द्वारा पारंपरिक मैकेनिकल बैरियर को हटाकर अब आधुनिक इलेक्ट्रिक बैरियर लगाए जा रहे हैं। वर्ष 2025-26 में अब तक 58 समपार फाटकों पर यह व्यवस्था लागू की जा चुकी है, जिससे उत्तर पश्चिम रेलवे के अंतर्गत कुल 455 समपार फाटक इस आधुनिक प्रणाली से लैस हो गए हैं।

डीआरएम ने कहा कि जोधपुर मंडल में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए न केवल आधुनिक तकनीक अपनाई जा रही है, बल्कि समपार फाटकों पर दुर्घटनाओं को रोकने हेतु जागरूकता अभियान भी निरंतर चलाए जा रहे हैं।

क्या होता है इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर?

इलेक्ट्रिक लिफ्टिंग बैरियर एक आधुनिक समपार गेट प्रणाली है, जो बिजली और सिग्नल प्रणाली के माध्यम से स्वतः संचालित होती है। ट्रेन आने पर यह बैरियर अपने आप नीचे आकर सड़क यातायात रोक देता है और ट्रेन के गुजरने के बाद स्वतः ऊपर उठ जाता है। इससे समपार फाटकों पर संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद हो जाता है।