गर्मी में यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, दो विशेष ट्रेनें चलेंगी

यात्रियों की सुविधा हेतु विशेष ट्रेनों का संचालन, उधना-मधुबनी अनारक्षित और सुल्तानपुर-साबरमती ग्रीष्मकालीन स्पेशल चलेगी

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई विशेष ट्रेनों के संचालन तथा कुछ ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों को चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत उधना-मधुबनी-उधना अनारक्षित विशेष और सुल्तानपुर जं.-साबरमती-सुल्तानपुर जं. आरक्षित ग्रीष्मकाल विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा।

उधना-मधुबनी-उधना अनारक्षित विशेष (09151/09152)

यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। गाड़ी संख्या 09151 उधना से बुधवार व शुक्रवार तथा 09152 मधुबनी से गुरुवार व शनिवार को संचालित होगी। ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिसमें 17 सामान्य/स्लीपर अनारक्षित डिब्बे शामिल हैं। मई और जून माह में इसके कुल 17 फेरे चलाए जाएंगे। यह ट्रेन उधना से चलकर नंदूरबार, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जं., दरभंगा होते हुए मधुबनी पहुंचेगी। रास्ते में जलगांव, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, पटना, बरौनी, समस्तीपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।

सुल्तानपुर-साबरमती-सुल्तानपुर ग्रीष्मकाल विशेष (04216/04215)

गाड़ी संख्या 04216 सुल्तानपुर जं. से 17 मई 2026 से 12 जुलाई 2026 तक कुल 09 फेरे चलेगी। वहीं 04215 साबरमती से 18 मई 2026 से 13 जुलाई 2026 तक कुल 09 फेरे संचालित होगी। इस ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। यह ट्रेन लखनऊ, कानपुर, इटावा, आगरा कैंट, जयपुर, अजमेर, आबू रोड, पालनपुर और महेसाणा होते हुए साबरमती तक जाएगी।

कुछ ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे भी बढ़ाए गए

रेल प्रशासन द्वारा 09447/09448 अहमदाबाद-पटना-अहमदाबाद के अतिरिक्त फेरे 06 मई और 13 मई 2026 को चलाने का निर्णय लिया गया है। वहीं 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल ट्रेन का संचालन भी 15 मई से 29 जून 2026 तक विस्तारित किया गया है।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारणी एवं ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।