उत्तर मध्य रेलवे में डिजिटल पहल, ‘एनसीआर-होम’ वेब एप्लीकेशन का उद्घाटन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के आईटी सेल द्वारा विकसित नए वेब-आधारित अनुप्रयोग ?एनसीआर-होम (Housing & Occupancy Management Engine)? का उद्घाटन 28 अप्रैल को किया गया। यह पहल रेलवे के प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल परिवर्तन एवं पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस अनुप्रयोग से एनसीआर के 60,000 से अधिक कर्मचारियों को आवास आवंटन एवं प्रबंधन प्रक्रिया में सीधी सुविधा मिलेगी।

इस अनुप्रयोग का औपचारिक उद्घाटन महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किया गया। उद्घाटन अवसर पर महाप्रबंधक ने कहा कि इस प्रकार के डिजिटल समाधान मैन्युअल प्रक्रियाओं को कम कर पारदर्शिता बढ़ाने और आवास आवंटन मामलों के त्वरित निस्तारण में सहायक सिद्ध होंगे।

एनसीआर-होम एक व्यापक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके माध्यम से कर्मचारी ऑनलाइन आवास के लिए आवेदन कर सकते हैं, आवास की उपलब्धता देख सकते हैं, आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं और समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रशासकों के लिए वर्कफ्लो प्रबंधन, रिपोर्टिंग एवं ऑडिट ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी इसमें उपलब्ध कराई गई हैं।

इस प्रणाली में एक सुव्यवस्थित डिजिटल वर्कफ्लो प्रक्रिया लागू की गई है, जिसमें आवेदन डीलर स्तर से प्रारंभ होकर सत्यापन एवं स्वीकृति स्तर तक चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ता है। मुख्यालय, मंडल, उप-मंडल और रोड साइड स्टेशन स्तर पर क्रमशः डीलर (Personnel), एपीओ/एसएसई/एएसएम द्वारा सत्यापन तथा जेएजी/पूल होल्डर, बीओ/पूल होल्डर, एडीईएन/मुख्यालय अथवा स्टेशन प्रबंधक द्वारा स्वीकृति की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। आउट-ऑफ-टर्न और पूल ट्रांसफर जैसे विशेष मामलों के लिए उच्च स्तर पर अनुमोदन का प्रावधान भी रखा गया है।

यह अनुप्रयोग उत्तर मध्य रेलवे के आईटी सेल द्वारा विकसित किया गया है, जिसमें आशीष कुमार, अमित कुमार एवं अनिल कुमार पटेल का विशेष योगदान रहा। यह कार्य अतुल कुमार मिश्रा, उप महाप्रबंधक (सामान्य) के मार्गदर्शन में पूर्ण किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह प्रणाली आधुनिक ई-गवर्नेंस मानकों के अनुरूप उपयोगकर्ता-अनुकूल और प्रभावी है।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह अनुप्रयोग आगामी 20 से 25 दिनों में पूर्ण रूप से कार्यान्वित कर उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। इस पहल को उत्तर मध्य रेलवे की डिजिटल उत्कृष्टता और कर्मचारियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।