प्रयागराज मंडल में एनसीआरईएस के साथ दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र बैठक शुरू

प्रयागराज। मण्डल रेल प्रबन्धक कार्यालय, प्रयागराज में मंगलवार को नॉर्थ सेंट्रल रेलवे इम्प्लॉईज़ संघ (NCRES) के साथ दो दिवसीय स्थायी वार्ता तंत्र बैठक का शुभारंभ हुआ। बैठक की अध्यक्षता मण्डल रेल प्रबन्धक रजनीश अग्रवाल ने की, जबकि एनसीआरईएस के जोनल महामंत्री आर.पी. सिंह की उपस्थिति रही।

बैठक में एनसीआरईएस के मण्डल अध्यक्ष मान सिंह, मण्डल मंत्री चन्दन कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रयागराज मंडल की ओर से अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/सामान्य दीपक कुमार, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक/परिचालन मो. मुबश्शिर वारिस, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता सहित सभी विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे।

मण्डल रेल प्रबन्धक ने बताए उपलब्धियां

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से प्रयागराज मंडल निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक संबंधों में सौहार्द बनाए रखने में एनसीआरईएस की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मंडल द्वारा 160 चयन/ट्रेड टेस्ट आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 2333 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई। वहीं 559 कर्मचारियों को एमएसीपी, 85 आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति, तथा 93 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समापन भुगतान किया गया।

डीआरएम ने यह भी बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड, इलाहाबाद के माध्यम से स्टेशन मास्टर, गुड्स ट्रेन मैनेजर, टेक्नीशियन, जूनियर क्लर्क, नर्सिंग अधीक्षक, फार्मासिस्ट, असिस्टेंट लोको पायलट जैसे पदों पर सफलतापूर्वक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई।

शिकायत निवारण और डिजिटल व्यवस्था मजबूत

कर्मचारी हितों को लेकर मंडल में शिकायत निवारण केंद्र और सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए अब तक 26,800 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 26,472 का निस्तारण किया जा चुका है।

इसके साथ ही मंडल में ई-ऑफिस प्रणाली का पूर्ण क्रियान्वयन हो चुका है और सभी विभागों में डिजिटल माध्यम से फाइलों का निस्तारण किया जा रहा है। HRMS पोर्टल पर भी 100 प्रतिशत कर्मचारियों का डेटा अपलोड किया गया है।

कर्मचारी कल्याण के लिए कई योजनाएं

डीआरएम ने बताया कि कर्मचारी हित निधि से 439 कर्मचारियों के बच्चों को 79.02 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसके अलावा 217 कर्मचारियों को 3.90 लाख रुपये का साइकिल भत्ता दिया गया। वहीं 33 दिव्यांग कर्मचारियों को त्रिचक्र स्कूटी उपलब्ध कराई गई।

स्पाउस टूर प्रोग्राम के अंतर्गत 50 कर्मचारियों एवं 41 महिला कर्मचारियों के लिए अंडमान-निकोबार भ्रमण भी आयोजित किया गया। साथ ही कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मंडल कार्यालय और रनिंग रूम में नियमित योगाभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।

एनसीआरईएस ने उठाए कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे

एनसीआरईएस के जोनल महामंत्री आर.पी. सिंह ने प्रयागराज मंडल के कार्यों की सराहना करते हुए दो अमृत भारत ट्रेनों के आवंटन और प्रयागराज में होलीडे होम निर्माण की स्वीकृति पर बधाई दी। उन्होंने किलोमीटर बैलेंसिंग, कार्यों में तेजी, टीटी रेस्ट हाउस की व्यवस्था, टिकट चेकिंग स्टाफ को कंसोलिडेटेड ट्रैवलिंग अलाउंस, रनिंग स्टाफ की सुविधाएं तथा सेंट्रल हॉस्पिटल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग रखी।

वहीं मण्डल मंत्री चन्दन सिंह ने रेलवे आवास, चिकित्सा सुविधाएं, रनिंग रूम सहित अन्य मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। यूनियन पदाधिकारियों ने महिला कर्मचारियों की सुविधाएं, हेल्थ यूनिट्स, डीएफसी स्टेशनों पर व्यवस्थाएं, सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता, अस्पताल टोकन प्रणाली और प्रतीक्षालयों के वातानुकूलन जैसे विषय भी उठाए।

समस्याओं के समाधान का आश्वासन

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने भरोसा दिलाया कि उठाए गए सभी मुद्दों की गंभीरता से समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अमित कुमार सिंह जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल