जम्मू से कटरा रेल खंड का जीएम ने किया व्यापक निरीक्षण, चिनाब व अंजी खड्ड पुलों की सुरक्षा-परिचालन व्यवस्था परखी

जम्मू। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना की परिचालन तत्परता और सुरक्षा मानकों का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से जम्मू से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा रेल खंड का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार व सीनियर डीईएन शुभम पवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेल खंड से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने रियासी जिले में स्थित विश्व के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब ब्रिज तथा भारत के पहले केबल-स्टेड रेल ब्रिज अंजी खड्ड ब्रिज के रखरखाव, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन प्रोटोकॉल का विशेष रूप से जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान पटरियों की स्थिरता, सिग्नलिंग सिस्टम, सुरंगों की सुरक्षा, तथा अन्य रेल सुरक्षा बुनियादी ढांचे की भी बारीकी से जांच की। जम्मू से कटरा के बीच पूरे रेल खंड की स्थिति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके साथ ही उन्होंने स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और अमृत भारत योजना के तहत किए जा रहे आधुनिकीकरण कार्यों का भी निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि परियोजना की परिचालन तैयारी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।

महाप्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय ने दोहराया कि उत्तर रेलवे इस क्षेत्र में कुशल, सुरक्षित और उच्च स्तरीय रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह निरीक्षण कश्मीर और शेष देश के बीच रेल संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

राघवेंद्र सिंह जनसम्पर्क निरीक्षक, जम्मू मंडल