मुरादाबाद। सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने की विकास योजनाओं की समीक्षा की, ग्राम गजेटियर एक सप्ताह में पूरा करने के निर्देश

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मुरादाबाद द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विकास अधिकारी गोविन्द बल्लभ पाठक, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमलेश कुमार सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) आदि उपस्थित रहे।

बैठक में सीडीओ ने ग्राम गजेटियर कार्य की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए सभी खण्ड विकास अधिकारियों एवं सहायक विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी तहसील के उप जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर एक सप्ताह के भीतर सभी ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत ग्राम गजेटियर का कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। जिला पंचायत राज अधिकारी ने जानकारी दी कि 27 अप्रैल 2026 को सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों को ऑनलाइन जूम वीसी के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

डिजिटल पुस्तकालय योजना के अंतर्गत सीडीओ ने निर्देशित किया कि प्रथम चरण में चयनित 132 ग्राम पंचायतों में पुस्तकालयों का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। इसके लिए पुस्तकालयों में पुस्तकों एवं फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही प्रत्येक विकास खण्ड में एक मॉडल डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बाल मैत्रिक शौचालय निर्माण को लेकर अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराने के निर्देश दिए गए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जहां शौचालय बन चुके हैं, वहां उनका समुचित उपयोग सुनिश्चित कराया जाए और शिक्षक पंचायत राज विभाग को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

इसके अतिरिक्त सीडीओ ने निर्देश दिए कि मिड-डे मील शैड का निर्माण धनराशि की उपलब्धता के अनुसार शीघ्र कराया जाए। वहीं फैमिली आईडी योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों को तेजी से पूर्ण कराने के निर्देश भी खण्ड विकास अधिकारियों को दिए गए।

विद्यालयों में टाइलीकरण कार्य को लेकर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया गया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराए गए विद्यालयों में टाइलीकरण कार्य समय से कराया जाए।

ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण के संबंध में सीडीओ ने कहा कि सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संबंधित सचिव से अभिलेखों की प्रतियां उपलब्ध कराते हुए ऑडिट प्रस्तरों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें।

मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सर्वोपरि है और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।