मुरादाबाद में अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक मॉक ड्रिल, उपकरणों की क्रियाशीलता जांची गई

मुरादाबाद। अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की कार्यक्षमता बनाए रखने तथा अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभागीय दक्षता और शारीरिक फिटनेस को मजबूत करने के उद्देश्य से मुरादाबाद जनपद में साप्ताहिक मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के आदेश से 21 जनवरी के माध्यम से निर्देश जारी किए गए थे कि प्रदेश के सभी जनपदों में प्रत्येक माह के मंगलवार एवं शुक्रवार को मॉक ड्रिल, उपकरणों की साफ-सफाई तथा उनकी क्रियाशीलता की जांच जैसे रूटीन कार्य नियमित रूप से कराए जाएं।

इसी निर्देश के अनुपालन में मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेशानुसार एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी के दिशा-निर्देशन मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर यह अभ्यास कराया गया।

अभियान के अंतर्गत अग्निशमन केंद्र हैलेट रोड मुरादाबाद, कटघर, ठाकुरद्वारा, बिलारी एवं कांठ पर तैनात सभी फायर कर्मियों और अधिकारियों को फालिन कराकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान स्पेशल एप्लाइंसेस जैसे स्मोक एग्जॉस्टर, कटर टूल्स, कॉम्बिक टूल्स, फोम जेनरेटर आदि की कार्यविधि समझाई गई और उन्हें ऑपरेट करने की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही अग्निशमन एवं जीवन रक्षा से संबंधित उपकरणों की साफ-सफाई कराई गई तथा सभी उपकरणों की क्रियाशीलता को भी परखा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर सके।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि नियमित मॉक ड्रिल और उपकरणों की जांच से कर्मचारियों की तैयारी मजबूत होती है और आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।