प्रयागराज मंडल ने यूपी होमगार्ड परीक्षार्थियों के लिए चलाई एग्जाम स्पेशल ट्रेन, स्टेशनों पर रहे विशेष इंतजाम

प्रयागराज। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज रेल मंडल द्वारा आज विशेष व्यवस्थाएं की गईं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आवागमन को देखते हुए मंडल प्रशासन ने आवश्यकता अनुसार एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

यह पूरा संचालन मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में सुव्यवस्थित ढंग से कराया गया। प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और प्रवेश-निकास द्वारों पर अतिरिक्त प्रबंध किए गए।

इसके साथ ही मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की गई। अधिकारियों द्वारा भीड़ की स्थिति और प्लेटफॉर्म व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कदम उठाए जा सकें।

संचालित एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का विवरण

रेल प्रशासन द्वारा संचालित विशेष ट्रेनों का विवरण इस प्रकार है?

कानपुर सेंट्रल?लखनऊ एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 18:10 बजे कानपुर सेंट्रल से रवाना हुई।

कानपुर सेंट्रल?प्रयागराज जंक्शन के लिए 02 एग्जाम स्पेशल ट्रेनें क्रमशः 13:27 बजे और 18:40 बजे प्रस्थान की गईं।

कानपुर सेंट्रल से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के लिए भी एक एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाई गई।

कानपुर सेंट्रल?फतेहपुर मेमू ट्रेन का विस्तार सूबेदारगंज तक किया गया।

सुरक्षा व्यवस्था रही मजबूत

परीक्षार्थियों की सहायता और सुरक्षा के लिए RPF और GRP के जवानों को प्रमुख स्टेशनों व ट्रेनों में तैनात किया गया। वहीं वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्टेशन परिसर में यात्रियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी देने में जुटे रहे।

टिकट जांच स्टाफ और हेल्प डेस्क कर्मियों द्वारा परीक्षार्थियों को प्लेटफॉर्म, ट्रेन समय और यात्रा से जुड़ी जरूरी सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं।

भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त स्टाफ

रेलवे प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया। यात्रियों को लाइन में व्यवस्थित रूप से प्रवेश और निकास कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार यात्रियों को जरूरी सूचनाएं दी जाती रहीं, जिससे प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ न लगे और संचालन सुचारु बना रहे।

रेल प्रशासन ने कहा कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर अभ्यर्थियों को बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। यह परीक्षा विशेष ट्रेन संचालन इसी दिशा में एक अहम कदम है, जिससे परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

अमित कुमार सिंह जनसम्पर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल