सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, प्रयागराज का वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न

सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड, प्रयागराज का वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न

रेल परिसर में प्राथमिक चिकित्सा सेवा के लिए ब्रिगेड की भूमिका सराहनीय: डॉ. राकेश निगम

प्रयागराज। केंद्रीय चिकित्सालय, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज में सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड के वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ब्रिगेड की सेवाओं, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. राकेश निगम (प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक एवं अपर आयुक्त) तथा डॉ. सुरेंद्र नाथ (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं उप आयुक्त) द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने ब्रिगेड सदस्यों द्वारा प्रस्तुत परेड की सलामी ली।

इस अवसर पर डॉ. राकेश निगम ने अपने संबोधन में कहा कि सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड एक निस्वार्थ स्वयंसेवी संस्था है, जो रेल परिसर में कर्मचारियों की सेवा, आपातकालीन सहायता और प्राथमिक चिकित्सा उपचार के लिए सदैव तत्पर रहती है। उन्होंने ब्रिगेड के अनुशासन, समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान वित्तीय वर्ष में ब्रिगेड द्वारा किए गए कार्यों पर आधारित एक भव्य फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन भी अतिथियों द्वारा किया गया। प्रदर्शनी का अवलोकन डॉ. एस.एस. नायक (अपर मुख्य स्वास्थ्य निदेशक एवं डिवीजनल कमांडर मेडिकल) तथा डॉ. आशीष अग्रवाल (अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं डिवीजनल कमांडर मेडिकल) द्वारा कराया गया।

इस मौके पर एंबुलेंस अधिकारी उदय चंद मौर्य ने वर्ष भर की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया, वहीं मंडल सचिव अनूप कुमार श्रीवास्तव ने ब्रिगेड के कार्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री वीडियो साझा किया, जिसे उपस्थितजनों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम में ब्रिगेड विस्तार की दिशा में एक अहम निर्णय भी लिया गया। कानपुर से आए नए सदस्यों की टीम की उपस्थिति में अधिकारियों ने कानपुर में सेंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड की नई शाखा स्थापित करने पर सहमति प्रदान की, जिससे ब्रिगेड का दायरा और मजबूत होगा।

इस अवसर पर पिछले वर्ष उत्कृष्ट एवं निस्वार्थ सेवा देने वाले ब्रिगेड सदस्यों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही इस माह सेवानिवृत्त हो रहे दिनेश कुमार (डिवीजनल कमांडर प्रशासन एवं सहायक वाणिज्यिक प्रबंधक) का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। ब्रिगेड को सशक्त बनाने में उनके योगदान के लिए उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम को डॉ. प्रकाश मुर्मू, डॉ. परवेज़ अहमद तथा के.के. सिंह (मंडल वित्त प्रबंधक एवं डिवीजन कमांडर प्रशासन) ने भी संबोधित करते हुए ब्रिगेड के सेवा जज्बे की सराहना की। मंच संचालन एम.एच. अंसारी एवं राजीव सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडल सचिव आलोक कुमार वर्मा, रतन कुमार, ओम प्रकाश, राजीव दिवाकर, पवन कुमार, अमित कुमार मौर्य सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर सेवानिवृत्त अधिकारी ए.के. आर्या, मोहिबुल्लाह, विजय कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर ब्रिगेड के कार्यों को आगे और मजबूत करने तथा सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर विस्तार देने का संकल्प लिया गया।