भीषण गर्मी में सूबेदारगंज स्टेशन पर स्काउट-गाइड बच्चों की सराहनीय पहल, यात्रियों को पिलाया शीतल पेयजल

प्रयागराज। भीषण गर्मी के बीच सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर स्काउट एंड गाइड के बच्चों द्वारा यात्रियों की सेवा के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है। स्टेशन परिसर में स्काउट-गाइड के बच्चे यात्रियों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं, जिससे गर्मी से परेशान यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है।

जानकारी के अनुसार स्काउट एवं गाइड के बच्चे ट्रेनों के आगमन के समय प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहकर विशेष रूप से साधारण श्रेणी (जनरल कोच) के यात्रियों को पानी पिला रहे हैं। यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर आसानी से पानी मिल सके, इसके लिए बच्चे लगातार सक्रिय रूप से सेवा कार्य में लगे हुए हैं।

इस पहल से स्टेशन पर सफर कर रहे यात्रियों को गर्मी के कारण होने वाली परेशानियों से काफी राहत मिली है। यात्रियों ने बच्चों के इस सेवा भाव की प्रशंसा करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया और इसे एक प्रेरणादायक कार्य बताया।

रेल प्रशासन ने भी स्काउट-गाइड बच्चों द्वारा किए जा रहे इस सेवा कार्य की सराहना की है और इसे जनहित में एक सकारात्मक कदम बताया है। यह पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।