कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान, 247 मामलों में कार्रवाई

कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान, 247 मामलों में कार्रवाई

बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर जुर्माना, रेलवे को 1.36 लाख रुपये का राजस्व

कानपुर। प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा उप मुख्य यातायात प्रबंधक, कानपुर आकांक्षु गोविल के नेतृत्व में कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर नियंत्रण स्थापित करना तथा यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना था।

इस विशेष अभियान के दौरान कुल 247 मामलों में बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिससे रेलवे को कुल 1,36,010 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बिना टिकट यात्रा करने वाले 136 यात्रियों से 93,060 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। वहीं अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 82 यात्रियों से 40,050 रुपये वसूले गए। इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 23 व्यक्तियों से 2,600 रुपये जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और रेलवे व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से यात्रियों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगेगी।

इस अभियान के दौरान सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।