अक्षय तृतीया पर स्काउट्स एवं गाइड्स की अनूठी सेवा: यात्रियों को वितरित किया शीतल जल और फ्रूटी

प्रयागराज। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने भीषण गर्मी के बीच यात्रियों की सेवा कर मानवता की मिसाल पेश की। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेल नरेश पाल सिंह के कुशल निर्देशन में उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स मुख्यालय, प्रयागराज के अधीन आने वाले सभी जिला स्टेशनों पर इन दिनों निःशुल्क एवं निःस्वार्थ जल सेवा अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों द्वारा यात्रियों को शीतल जल पिलाने के साथ-साथ फ्रूटी के पैकेट भी वितरित किए गए।

बताया गया कि यात्रियों के बीच वितरण हेतु फ्रूटी के पैकेट डॉ. चेतना गुप्ता के सौजन्य से उपलब्ध कराए गए थे। इन्हें वितरण के लिए मुख्यालय की मनोनीत पदाधिकारी एवं जिला उपाध्यक्षा श्रीमती आयुषी भटनागर को सौंपा गया।

आयुषी भटनागर ने सूबेदारगंज यूनिट के लीडरों के साथ मिलकर स्टेशन पर सेवा कार्य का नेतृत्व किया। उनके मार्गदर्शन में स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों ने जम्मू मेल स्पेशल ट्रेन की जनरल बोगियों में यात्रा कर रहे यात्रियों को न केवल शीतल जल उपलब्ध कराया, बल्कि पदाधिकारियों द्वारा स्वयं फ्रूटी के पैकेट भी वितरित किए गए।

जहां एक ओर लोग भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए घरों में रहना पसंद कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की प्यास बुझाने में जुटे रहे।

स्काउट्स एवं गाइड्स की इस निःस्वार्थ सेवा को देखकर यात्रियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और टीम की सराहना की। रेल पदाधिकारियों के साथ-साथ आम जनता द्वारा भी इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।

उत्तर मध्य रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स ने एक बार फिर यह साबित किया है कि संस्था सदैव समाज सेवा और जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।