यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन घोषित

यात्रियों के लिए रेलवे का बड़ा फैसला, कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन घोषित

रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभिन्न रूटों पर कई विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का संचालन अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार पुणे-हजरत निजामुद्दीन, सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, आनंद विहार-शेखपुरा, नई दिल्ली-गया, आनंद विहार-खुर्दा रोड, पोरबंदर-आसनसोल, वडोदरा(प्रतापनगर)-मऊ तथा मेरठ सिटी-सांतरागाछी के बीच आरक्षित एवं सुपरफास्ट विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

सबसे प्रमुख ट्रेन 01491/01492 पुणे-हजरत निजामुद्दीन-पुणे साप्ताहिक सुपरफास्ट विशेष ट्रेन होगी, जिसका संचालन 17 अप्रैल 2026 से 10 जुलाई 2026 तक कुल 12 फेरों में किया जाएगा। वापसी में यह ट्रेन 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक चलेगी। हालांकि 22 मई को पुणे से तथा 23 मई को निजामुद्दीन से चलने वाला फेरा निरस्त रहेगा। ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे, जिनमें सामान्य, स्लीपर और एसी कोच शामिल रहेंगे।

इसके अलावा 04212/04211 सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सुल्तानपुर आरक्षित विशेष ट्रेन 20 मई से 15 जुलाई 2026 तक कुल 9 फेरों में चलाई जाएगी। यह ट्रेन सुल्तानपुर से बुधवार और एलटीटी से गुरुवार को चलेगी। इसी तरह 04226/04225 वाराणसी-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-वाराणसी विशेष ट्रेन 21 मई से 09 जुलाई 2026 तक कुल 8 फेरों में संचालित होगी।

रेलवे द्वारा 04070/04069 आनंद विहार टर्मिनल-शेखपुरा-आनंद विहार टर्मिनल आरक्षित विशेष ट्रेन का संचालन भी घोषित किया गया है। यह ट्रेन 17 अप्रैल से 14 जुलाई तक आनंद विहार से तथा 18 अप्रैल से 15 जुलाई तक शेखपुरा से कुल 26 फेरों में चलेगी। ट्रेन में एसी कोचों की अधिक संख्या रखी गई है।

इसी क्रम में 04064/04063 नई दिल्ली-गया-नई दिल्ली आरक्षित विशेष ट्रेन 15 अप्रैल से 13 जुलाई तक तथा गया से 16 अप्रैल से 14 जुलाई तक कुल 50 फेरों में संचालित होगी। वहीं 04066/04065 आनंद विहार-खुर्दा रोड-आनंद विहार टर्मिनल विशेष ट्रेन 20 अप्रैल से 12 मई 2026 तक कुल 4 फेरों में चलेगी।

इसके अतिरिक्त 09205/09206 पोरबंदर-आसनसोल-पोरबंदर विशेष ट्रेन अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच कुल 12 फेरों में चलाई जाएगी। वहीं 09195/09196 प्रतापनगर(वडोदरा)-मऊ-प्रतापनगर सुपरफास्ट विशेष ट्रेन के मार्ग एवं समय सारिणी में संशोधन किया गया है, जिसका संचालन 11 अप्रैल से 26 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।

रेल प्रशासन द्वारा 04086/04085 मेरठ सिटी-सांतरागाछी-मेरठ सिटी विशेष ट्रेन का भी संचालन किया जा रहा है, जिसमें 14 अप्रैल और 16 अप्रैल को एक-एक फेरा रहेगा।

रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और आरक्षण की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।