सीनियर डीसीएम बसंत कुमार ने संभाला फिरोजपुर मंडल का कार्यभार, रेलवन प्रचार व टिकट चेकिंग पर रहेगा विशेष फोकस

फिरोजपुर। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंडल की प्राथमिकताओं को लेकर स्पष्ट दिशा तय की है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी और इसके लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सीनियर डीसीएम बसंत कुमार ने बताया कि मंडल में रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार को और अधिक मजबूत किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक यात्री डिजिटल सुविधाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग, ट्रेन जानकारी, शिकायत निवारण सहित अनेक सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलती है और समय की बचत होती है।

उन्होंने मंडल में टिकट चेकिंग अभियान को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि टिकट चेकिंग से न केवल रेलवे की आय बढ़ती है, बल्कि अनुशासित यात्रा संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। ईमानदारी से टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के हितों की रक्षा के लिए नियमित जांच अभियान जारी रहेंगे।

गर्मी में यात्रियों से ओवरचार्जिंग पर रोक

गर्मी के मौसम को देखते हुए सीनियर डीसीएम ने निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन पर स्टॉल और दुकानों पर पानी एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की ओवरचार्जिंग किसी भी हाल में न हो। उन्होंने कहा कि यात्रियों को एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित स्टॉल पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्टेशनों पर सफाई व्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे स्टेशनों पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना अत्यंत जरूरी है। इसके लिए कर्मचारियों को नियमित निगरानी करने और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सीनियर डीसीएम बसंत कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल यात्रा अनुभव देना है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।