फिरोजपुर मंडल ने रचा उपलब्धियों का नया रिकॉर्ड,वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व, सुरक्षा, माल ढुलाई और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय प्रगति

फिरोजपुर मंडल ने रचा उपलब्धियों का नया रिकॉर्ड

वित्तीय वर्ष 2025-26 में राजस्व, सुरक्षा, माल ढुलाई और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय प्रगति

फिरोजपुर। मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय फिरोजपुर के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान फिरोजपुर मंडल की उपलब्धियों और परिचालन उत्कृष्टता की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वर्ष फिरोजपुर मंडल के लिए माल ढुलाई, अवसंरचना विकास, यात्री सुरक्षा एवं सुविधा विस्तार के लिहाज से ऐतिहासिक रहा।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, समयबद्ध एवं सुविधाजनक यात्रा प्रदान करना तथा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए माल परिवहन को अधिक प्रभावी बनाना है।

इंजीनियरिंग विभाग ने अवसंरचना विकास में किया बड़ा कार्य

बताया गया कि वर्ष 2025-26 में मंडल द्वारा 76.77 किलोमीटर रेल ट्रैक का नवीनीकरण सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जिससे रेल परिचालन अधिक सुरक्षित, तेज और सुचारु हुआ तथा समयपालन में भी सुधार आया।

इसके साथ ही अमृतसर-खेमकरण तथा जलंधर-होशियारपुर सेक्शन के कुल 116.2 रूट किलोमीटर में ट्रेनों की अधिकतम गति बढ़ाकर 110 किमी प्रति घंटा कर दी गई, जिससे यात्रियों को तेज और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा।

रेल सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए लुधियाना-जलंधर-पठानकोट सेक्शन में कुल 85.2 किलोमीटर क्षेत्र में सुरक्षा फेंसिंग लगाई गई, जिससे अनधिकृत प्रवेश और पशुओं की आवाजाही पर रोक लगी।

इसके अलावा मुक्तसर एवं कोटकपूरा में 12 मीटर चौड़े नए फुट ओवर ब्रिज का कमीशनिंग कार्य पूरा किया गया। वहीं 87 स्टेशनों पर पैसेंजर लूप लाइनों का अपग्रेडेशन किया गया, जिससे परिचालन क्षमता में वृद्धि हुई।

फिल्लौर, होशियारपुर, कपूरथला और मोगा में फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

सुरक्षा विभाग ने ?शून्य सहनशीलता? नीति को बनाया मजबूत आधार

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि सुरक्षा विभाग द्वारा Zero Tolerance नीति के तहत रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए गए।

मंडल में फ्रंटलाइन स्टाफ की जागरूकता के लिए कुल 69 सेफ्टी सेमिनार एवं शंटिंग मेला आयोजित किए गए।

SPAD (Signal Passed at Danger) घटनाओं पर नियंत्रण हेतु 47 काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए, जिसके सकारात्मक परिणामस्वरूप SPAD की घटनाएं प्रभावी रूप से समाप्त हुईं।

आपदा प्रबंधन के तहत 30 अक्टूबर 2025 को NDRF के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसके साथ ही 06 दिसंबर 2025 को सिविल डिफेंस दिवस मनाकर जन सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।

मंडल में सुरक्षा सुधार के लिए रात्रि निरीक्षण, नियमित सुरक्षा बैठकें तथा कर्मचारियों को सम्मानित करने की व्यवस्था लागू की गई, जिसके तहत 54 कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया।

चिकित्सा विभाग में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार

फिरोजपुर मंडल चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर का संचालन शुरू किया गया, जिससे संक्रमण नियंत्रण बेहतर हुआ और सर्जरी की गुणवत्ता में सुधार आया।

इसके अलावा अस्पताल में आर्थोस्कोपी सर्जरी की सुविधा भी प्रारंभ की गई। साथ ही अब USG, ब्रोंकोस्कोपी, कोलोनोस्कोपी और एंडोस्कोपी जांचें अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।

वर्ष 2025-26 में कुल 1,76,536 ओपीडी मरीजों और 2,466 इंडोर मरीजों का इलाज किया गया।

स्वास्थ्य जागरूकता के लिए 408 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए, जिनमें 4,534 व्यक्तियों की जांच की गई।

आयुष्मान योजना एवं निजी मरीजों के उपचार से मंडल चिकित्सालय ने अब तक ₹9,95,081 का राजस्व अर्जित किया।

इसके अलावा 430 कर्मचारियों को CPR प्रशिक्षण तथा 352 सफल सर्जरी की गईं।

वाणिज्य विभाग ने राजस्व में बनाया नया कीर्तिमान

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि फिरोजपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष में लक्ष्य से अधिक प्रदर्शन करते हुए कुल ₹3382.65 करोड़ का राजस्व अर्जित किया।

यात्रियों की संख्या के मामले में भी मंडल ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। वर्ष 2025-26 में कुल 4.85 करोड़ यात्रियों की बुकिंग हुई, जो निर्धारित लक्ष्य 4.10 करोड़ की तुलना में 18.22% अधिक है।

टिकट जांच से ₹31.51 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जो लक्ष्य ₹30.66 करोड़ के मुकाबले 2.77% अधिक है।

नई ट्रेनों का संचालन

मंडल के अंतर्गत कई नई ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया, जिनमें प्रमुख हैं?

14622 फिरोजपुर कैंट-हजूर साहिब नांदेड़ (13.06.2025 से)

14626 फिरोजपुर कैंट-हरिद्वार (18.06.2025 से)

वंदे भारत कटरा-अमृतसर (11.08.2025 से)

अमृत भारत छेहरटा-सहरसा (22.09.2025 से)

वंदे भारत फिरोजपुर कैंट-दिल्ली (08.11.2025 से)

लॉजिस्टिक्स और नई सुविधाएं

नसराला स्टेशन पर गुड्स शेड विकसित कर ऑटोमोबाइल हैंडलिंग टर्मिनल बनाया गया।

सुचीपिंड में बीपीसीएल के जीसीटी को चालू किया गया।

नूरमहल स्टेशन पर नया गुड्स शेड निर्माण कार्य पूर्ण हुआ।

इसके अलावा यात्रियों के लिए कई स्टेशनों पर ऐप आधारित टैक्सी पार्किंग, कैटरिंग स्टॉल, मल्टी पर्पज स्टॉल, फूड वैन, एसी वेटिंग हॉल, जन औषधि केंद्र, डिजिटल लॉकर और पार्सल स्कैनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

कार्मिक विभाग में पदोन्नति और भर्ती में बड़ा कार्य

वर्ष 2025-26 में फिरोजपुर मंडल द्वारा कुल 3,854 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई।

रेलवे सैलरी पैकेज (RSP) के तहत एक कर्मचारी के परिवार को ₹1 करोड़ की सहायता प्रदान की गई।

रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से 132 कर्मचारियों की नियुक्ति, तथा अनुकंपा के आधार पर 34 कर्मचारियों को नौकरी दी गई।

परिचालन विभाग में माल ढुलाई और गति में उल्लेखनीय वृद्धि

मंडल ने माल परिवहन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।

FCI की पहली खाद्यान्न विशेष ट्रेन अजितवाल स्टेशन से अनंतनाग (कश्मीर) के लिए रवाना की गई।

कॉनकोर के फिल्लौर टर्मिनल से पहली बार बासमती चावल कंटेनरों में चेन्नई, कोलकाता और हैदराबाद भेजा गया। अब तक कुल 4 रेक लोड किए जा चुके हैं।

कुल 354 NMG रेकों में ट्रैक्टर लोडिंग की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 36.15% अधिक है।

आलू (600%), कागज (110%) और भूसी (100%) की लोडिंग में बड़ी वृद्धि दर्ज की गई।

मालगाड़ियों की औसत गति में 21% वृद्धि हुई।

इसके अलावा मोगा से 10 इंडेंटेड पार्सल ट्रेनों का संचालन किया गया।

सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग ने किया आधुनिकीकरण

वेरका स्टेशन पर मैकेनिकल इंटरलॉकिंग हटाकर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली लागू की गई, जिससे ट्रेन संचालन अधिक सुरक्षित हुआ।

जंडियाला, सुरानस्सी, गोराया, हमीरा और टांगरा स्टेशनों पर स्टेशन सिग्नलिंग का डिजिटल केंद्रीकरण शुरू किया गया।

लेवल क्रॉसिंग सुरक्षा में सुधार करते हुए 5 गेट इंटरलॉक किए गए और 13 स्थानों पर इलेक्ट्रिकल लिफ्टिंग बैरियर लगाए गए।

यात्रियों को बेहतर जानकारी देने के लिए मंडल के 73 स्टेशनों पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाया गया।

कपूरथला, फाजिल्का, फरीदकोट, ढंडारी कलां, फिल्लौर और मुक्तसर सहित कई स्टेशनों पर नए कोच इंडिकेशन बोर्ड और ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड लगाए गए।

यांत्रिक विभाग ने कोच सुरक्षा और स्वच्छता को दिया बढ़ावा

सभी प्राथमिक एलएचबी एसी कोचों के शौचालयों में स्मोक डिटेक्टर और VESDA सिस्टम लगाया गया।

फिरोजपुर कैंट स्टेशन के यार्ड में कोच वॉशिंग प्लांट स्थापित किया गया, जिससे ट्रेनों की साफ-सफाई में बड़ा सुधार हुआ।

इलेक्ट्रिक विभाग ने बिजली आपूर्ति और प्रशिक्षण को किया मजबूत

बढ़ती इलेक्ट्रिक ट्रेनों की जरूरत को देखते हुए पाजियां, बाहमनी वाला और रोमाना अलबेल सिंह में ट्रैक्शन पावर सब स्टेशन शुरू किए गए।

लोको पायलटों के ड्राइविंग कौशल को बेहतर बनाने के लिए नया आईटी आधारित प्रशिक्षण सिस्टम भी शुरू किया गया।

यूएसबीआरएल परियोजना से देश को मिली नई कनेक्टिविटी

मंडल रेल प्रबंधक ने बताया कि 6 जून 2025 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा जम्मू-कश्मीर में चेनाब पुल, अंजी खड़ पुल सहित उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का उद्घाटन किया गया तथा कटरा से श्रीनगर के लिए वंदे भारत ट्रेन को रवाना किया गया।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी फिरोजपुर मंडल रहा सक्रिय

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की सहायता के लिए एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ARF) को बेहद कम समय में तैयार किया गया। मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस दौरान उत्कृष्ट कार्य किया।

बाढ़ जैसी आपात परिस्थितियों में भी फिरोजपुर मंडल ने रेलवे कनेक्टिविटी को प्रभावित नहीं होने दिया और सेवा निरंतर जारी रखी।

मंडल रेल प्रबंधक का संदेश

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल आने वाले वर्षों में भी सुरक्षा, आधुनिक तकनीक, यात्री सुविधाओं और माल परिवहन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।

फिरोजपुर मंडल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में उपलब्धियों की नई इबारत लिखते हुए यह साबित कर दिया है कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं बल्कि देश की प्रगति की रीढ़ है।