पालनपुर–अहमदाबाद खंड पर 130 किमी/घंटा तक बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार, अवसंरचना सुदृढ़ीकरण कार्य जारी

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे द्वारा पालनपुर?अहमदाबाद रेलखंड पर ट्रेनों की गति क्षमता को 130 किमी/घंटा तक बढ़ाने के उद्देश्य से अवसंरचना सुदृढ़ीकरण का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत रेलखंड पर प्रमुख पुलों और ट्रैक संरचना को मजबूत किया जा रहा है, जिससे भविष्य में तेज और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित हो सके।

रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार करजोड़ा?पालनपुर स्टेशनों के मध्य स्थित प्रमुख पुल संख्या 867 के अप्रोच पर जियो सेल एवं ब्लैंकेटिंग सामग्री डाली जा रही है। यह कार्य ट्रैक की मजबूती और स्थिरता बढ़ाने में सहायक होगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस कार्य के पूर्ण होने के बाद पालनपुर?अहमदाबाद खंड पर ट्रेनों की गति में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे यात्रियों का यात्रा समय घटेगा और वे अपने गंतव्य तक अधिक शीघ्रता से पहुंच सकेंगे। वहीं, मालगाड़ियों की तेज़ और सुचारु आवाजाही से माल परिवहन प्रणाली को भी मजबूती मिलेगी, जिससे समग्र रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

21 अप्रैल को लिया जाएगा ट्रैफिक ब्लॉक

उक्त कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से सम्पन्न करने के लिए 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।

ट्रेन संचालन पर प्रभाव

ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या 14822 (साबरमती?जोधपुर) दिनांक 22 अप्रैल 2026 को साबरमती से आबूरोड के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही स्टेशन पहुंचे, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।