होटल-रेस्टोरेंटों में अग्नि सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग सख्त, मुरादाबाद में हुई आकस्मिक चेकिंग

मुरादाबाद। पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय के आदेश के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले में होटल एवं रेस्टोरेंटों में अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने विभिन्न होटल व रेस्टोरेंट परिसरों में मौजूद अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। मौके पर कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग एवं आग लगने की स्थिति में तत्काल नियंत्रण की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सीएफओ डॉ आर के पाण्डेय व एफएसओ ज्ञान प्रकाश शर्मा ने होटल/रेस्टोरेंट प्रबंधन को निर्देशित किया कि निकास मार्ग को हमेशा अवरोध मुक्त रखा जाए, ताकि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। साथ ही निकास मार्ग पर स्पष्ट रूप से एक्जिट साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए।

अग्निशमन विभाग ने बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे और लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।