अग्नि सुरक्षा सप्ताह: मुरादाबाद में अस्पतालों व नर्सिंग होम में चला फायर ऑडिट व प्रशिक्षण अभियान

मुरादाबाद। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर अग्निशमन विभाग द्वारा जनहित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय अभियान चलाया गया। पुलिस महानिदेशक अग्निशमन एवं आपात सेवा के आदेशों के क्रम में तथा जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद के विभिन्न अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों में फायर ऑडिट कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।

इस अभियान का नेतृत्व मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय एवं मुरादाबाद अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा द्वारा किया गया। अभियान के दौरान चिकित्सा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की स्थिति, फायर अलार्म, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, विद्युत सुरक्षा, गैस सिलेंडर व्यवस्था तथा अन्य जरूरी सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

अग्निशमन टीम ने अस्पतालों के निकास मार्ग को भी विशेष रूप से चेक किया और यह सुनिश्चित किया कि आपात स्थिति में मरीजों एवं स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। साथ ही अस्पताल कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक कार्रवाई, फायर सिलेंडर के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी प्रक्रिया तथा सतर्कता उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

अधिकारियों ने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचा जाए, क्योंकि अस्पतालों में मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण आग जैसी घटनाएं गंभीर रूप ले सकती हैं।

अग्निशमन विभाग द्वारा चलाया गया यह अभियान जनपद में जन-धन की सुरक्षा की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है। लोगों ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है और आपात स्थिति में जान बचाने में मदद मिलती है।

अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे, ताकि मुरादाबाद को अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।