इज्जतनगर मंडल के स्टेशन मास्टर अनुराग सिंह बने ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’, महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के क्रम में महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने 15 अप्रैल 2026 को गोरखपुर स्थित महाप्रबंधक सभाकक्ष में तीन कर्मचारियों को ?सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ? घोषित कर नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस सम्मान में इज्जतनगर मंडल के उझानी स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के पद पर कार्यरत अनुराग सिंह का नाम भी शामिल रहा। जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को डाउन दिशा में वी.सी.एन. मालगाड़ी के पास करते समय उन्होंने वैगन संख्या 31082421447 के चक्के को लाल (हॉट एक्सल) अवस्था में देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तत्परता दिखाकर गार्ड को लाल सिग्नल दिखाया और ट्रेन को तुरंत रुकवाया। जांच में पाया गया कि वैगन का ब्रेक ब्लॉक जाम था, जिसे गार्ड एवं लोको पायलट द्वारा रिलीज कर सुरक्षित रूप से आगे परिचालन सुनिश्चित किया गया।

अनुराग सिंह की सतर्कता और सजगता से एक संभावित बड़ी घटना को टालने में सफलता मिली, जिससे रेल संरक्षा को मजबूती मिली।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार सहित मंडल के अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने श्री अनुराग सिंह के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें साधुवाद दिया।

संजीव शर्मा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर मंडल